Saturday, April 23, 2011

बसपा को उसके गढ़ चित्रकूटधाम मंडल में ही सपा तगड़ी चुनौती दे रही है। विपक्ष की भूमिका में भाजपा और कांग्रेस भी फिलहाल सपा के आगे बौने नजर आ रहे हैं। सपा के तीन दिवसीय आंदोलन ने साफतौर पर यही संदेश दिया है। मंडल के चारों जिलों में बसपा के आठ विधायक, एक सांसद, चार कैबिनेट मंत्री और एक दर्जन से ज्यादा ‘लालबत्ती’ वाले नेता हैं। जबकि सपा के खाते में मात्र दो अदद विधायक और एक सांसद है।
बसपा अपने वजूद में आने के समय से ही बुंदेलखंड में पांव जमा चुकी है। पिछले विधान सभा चुनाव में चित्रकूटधाम मंडल के चारों जनपदों में बसपा ने सबसे ज्यादा वोट बटोरे और ८ सीटों पर अपना परचम लहराया। मौजूदा में इस मंडल से बसपा के चार काबीना मंत्री और एक दर्जन से ज्यादा राज्य स्तरीय मंत्री का दर्जा पाए बसपा नेता हैं। सपा के मात्र दो विधायक हैं। इनमंे विशंभर सिंह यादव बबेरू और विशंभर प्रसाद निषाद तिंदवारी हैं। बांदा-चित्रकूट के सांसद सपा के (आरके सिंह पटेल) और हमीरपुर-महोबा में बसपा सांसद (विजय बहादुर सिंह) हैं। यानि चित्रकूटधाम मंडल में बसपा की एक मजबूत जमात है।बसपा सरकार के ‘माननीयों’ की भरमार के बाद भी यहां सपा का सिर उठाना बसपा के लिए खतरे की घंटी है। बुधवार को खत्म हुए सपा का तीन दिनी आंदोलन को सरकारी रिपोर्टों में भले ही फ्लाप बताया जा रहा हो लेकिन सड़कों पर सपाइयों ने अपनी जोरदार उपस्थिति दर्ज कराई है। जमकर हुई पिटाई और जेल की हवा ने भी सपाइयों के जोश को कम नहीं किया। पूरे मंडल में लगभग १००० हजार सपाइयों ने गिरफ्तारी दीं। पुलिस से जमकर भिड़े भी। सपाइयों में जोश भी नजर आया। माना जा रहा है कि सपा नेताओं के तेवर ऐसे ही रहे तो अगले विधान सभा चुनाव में बसपा को यहां अपने गढ़ में मात खानी पड़ सकती है। कांग्रेस, भाजपा भी चित्रकूटधाम मंडल में अभी सपा की भूमिका में नहीं आ सके हैं। इन दोनों दलों का कोई भी आंदोलन अब तक धमाकेदार नहीं हुआ है। प्रशासन भी इन दोनों विपक्षी दलों की अपेक्षा सपाइयों से ज्यादा चौकन्ना रहता है। लड़ने-भिड़ने की आदत और कुव्वत सपाइयों में ज्यादा है।
जनपद विधान सभा क्षेत्र विधायक दल
बांदा बांदा सदर विवेक सिंह कांग्रेस
नरैनी पुरुषोत्तम द्विवेदी बसपा
बबेरू विशंभर सिंह यादव सपा
तिंदवारी विशंभर निषाद सपा
चित्रकूट कर्वी दिनेश मिश्रा बसपा
मानिकपुर दद्दू प्रसाद बसपा
हमीरपुर हमीरपुर सदर अशोक सिंह चंदेल बसपा
मौदहा बादशाह सिंह बसपा
राठ ध्रुराम चौधरी बसपा
महोबा महोबा सदर राकेश गोस्वामी बसपा
चरखारी अनिल अहिरवार बसपा
चित्रकूटधाम मंडल के सांसद
बांदा-चित्रकूट आरके सिंह पटेल सपा
हमीरपुर-महोबा विजयबहादुर सिंह बसपा
निकाय क्षेत्र हुस्ना सिद्दीकी बसपा (एमएलसी)

No comments:

Post a Comment